कांग्रेस प्रदेश हाईकमान ने भिवंडी के पद लोलुप और अनुशासनहीन कांग्रेसी नेताओं को चेताते हुए दी कार्रवाई की धमकी
मुनीर अहमद मोमिन
भिवंडी...शहर के ज़कातनाका स्थित नूतनीकृत भव्य कांग्रेस मुख्यालय का उद्घाटन पिछले दिनों महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नाना पटोले के हाथों संपन्न हुआ। इस अवसर पर उन्होंने भिवंडी शहर कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व में एकजुट होकर पार्टी के अस्तित्व और विकास हेतु सबको एक साथ मिलजुलकर काम करने की सलाह दी। पटोले ने कांग्रेस में रहकर कांग्रेस को नुकसान पहुंचाने वाले पद लोलुप नेताओं के प्रति नाराजगी जताते हुए उनके क्रिया कलापों की घोर निंदा करते हुए स्पष्ट तौर पर कहा कि कोई भी नेता पार्टी से न तो बड़ा है और न ही महत्वपूर्ण। पहले पार्टी और फिर फिर बाद में कोई। उन्होंने पार्टी में रहकर अपनी-अपनी डफली अपना-अपना राग अलापने वाले स्थानीय कांग्रेसी नेताओं को कड़ी चेतावनी दी कि बहुत हो चुका अब अनुशासनहीनता कत्तई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल पाया गया तो पार्टी द्वारा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस उद्घाटन समारोह का आयोजन भिवंडी शहर जिला कांग्रेस के अध्यक्ष एडवोकेट रशीद ताहिर मोमिन के नेतृत्व में भिवंडी कांग्रेस की ओर से किया गया था।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष पटोले ने अपने भाषण में केंद्र सरकार पर भी जमकर निशाना साधते हुए देश में कोरोना महामारी के लिए नमस्ते ट्रम्प को भी इसके प्रसार की एक मुख्य वजह बताते हुए कहा कि मोदी सरकार की अदूरदर्शिता और लापरवाहियों के कारण कोरोना ने देश में दस्तक दी। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा मुद्रास्फीति पर अंकुश लगाने में विफलता का आरोप लगाते हुए कहा कि इसके कारण देश में बेरोजगारी और महंगाई बेतहाशा बढ़ रही है। सरकार नए उपक्रमों का सृजन करने की बजाय आपदा में अवसर तलाश करते हुए कोरोना काल में महत्वपूर्ण कंपनियों, हवाई अड्डों और रेलवे आदि को बेचा जा रहा था और लोगों का ध्यान भटकाने के लिए देश में कोरोना महामारी फैलाई जा रही थी। अपने वक्तव्य के दौरान कई मौकों पर उन्होंने शिवसेना और राकांपा के नेताओं पर भी कटाक्ष किया।
इसी तरह राज्य के कद्दावर नेता और महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्याध्यक्ष आरिफ नसीम खान ने भी केंद्र सरकार के कामकाज की कड़ी आलोचना करते हुए भिवंडीवासियों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा भिवंडी शहर का भला चाहा है और अपने शासन काल में हमेशा भिवंडी शहर को कुछ न कुछ दिया है। 1999 में यहां के मौजूदा कांग्रेस अध्यक्ष और तत्कालीन विधायक अब्दुल रशीद ताहिर मोमिन के प्रयासों के चलते तत्कालीन मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख ने पावरलूम को 450 करोड़ रुपये की सब्सिडी प्रदान करते हुए बिजली बिल में 50 फीसदी की छूट देकर पावरलूम उद्योग को बहुत बड़ी ऐतिहासिक राहत दी थी। नसीम खान ने भी स्थानीय कांग्रेसी नेताओं को पार्टी अध्यक्ष रशीद ताहिर के साथ मिलकर शहर के हर घर तक कांग्रेस का संदेश पहुंचाने की सलाह देने के साथ-साथ सख्ती के साथ यह भी चेतावनी दी कि कांग्रेस आलाकमान पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों के साथ कड़ाई से निपटेगा।
मालूम हो कि इस कार्यक्रम से पूर्व भिवंडी आगमन पर नानाभाऊ पटोले, आरिफ नसीम और मोहन जोशी आदि प्रदेश के नेताओं का कल्याण बाईपास सहित कल्याण रोड पर जगह-जगह स्वागत करते हुए उन पर फूलों की बारिश की गई। इसके बाद प्रदेश के नेताओं ने सबसे पहले कल्याण नाका स्थित नवनिर्मित राजीव गांधी चौक पर पुष्पहार अर्पित किया। उसके बाद शहर कांग्रेस मुख्यालय का उद्घाटन किया।
समारोह के बाद प्रदेश कांग्रेसाध्यक्ष ने स्थानीय कांग्रेस नेताओं के साथ शहर के निर्माण और विकास के लिए बैठक की। इस तरह पहली बार प्रदेश के बड़े नेताओं ने भिवंडी आकर पावरलूम के मुद्दों सहित अन्य जनसमस्याओं पर महत्वपूर्ण बैठक करते हुए पावरलूम उद्योगपतियों और प्रतिनिधियों के साथ टेक्सटाइल उद्योग के विकास में आने वाली तमाम तरह की बाधाओं सहित पावरलूम के ऑनलाइन और ऑफलाइन पंजीयन के अन्य मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के बाद पटोले ने पावरलूम उद्योग की समस्यायों के समुचित निदान के लिए बहुत जल्द मुख्यमंत्री सहित अन्य संबंधित मंत्रियों, नेताओं और अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित कर पावरलूम उद्योग का पक्ष रखने का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने यहां के शिक्षकों और उनके संगठनों के साथ भी एक महत्वपूर्ण बैठक करते हुए शिक्षकों सहित शिक्षा संबंधी अहम मुद्दों पर चर्चा की। इतना ही नहीं बैठक के दौरान ही नाना पटोले ने राज्य की शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड़ को फोन पर इस बाबत सूचित करते हुए जल्द से जल्द शिक्षा मंत्री और शिक्षा विभाग की एक बैठक आहूत करने के लिए कहा। जिसके जवाब में शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों के साथ बैठकर समस्यायों के निराकरण का आश्वासन दिया। बैठक के बाद स्थानीय कांग्रेसाध्यक्ष के निवास पर रात्रि भोज का भी आयोजन किया गया था।
इस अवसर पर पूर्व सांसद सुरेश टावरे, पूर्व महापौर जावेद दलवी, प्रदीप (पप्पू) राका, श्रीमती रानी अग्रवाल, रुखसाना कुरैशी, नगरसेवक सिराज ताहिर मोमिन, शकील पापा और मुख्तार खान सहित ताज खान, सोहेल खान, अर्शी आजमी, शाहिद सिद्दीकी, सिकंदर नदाफ और शमीम कुरेशी आदि सहित कांग्रेसी नगरसेवकों के अलावा भारी तादाद में कांग्रेस पार्टी के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
کوئی تبصرے نہیں:
ایک تبصرہ شائع کریں